लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर |
योगेश ऋषिका
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा राष्ट्र की असली शक्ति हैं और वे समाज एवं देश के विकास में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहते हुए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करें। मुख्यमंत्री रविवार को सीकर के सांवली में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हजारों युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई।
बदलाव की शुरुआत स्वयं से: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से होती है। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को भी इस बुराई से दूर रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर नशामुक्ति अभियान से जुड़ना होगा।
सीकर की भूमि संस्कृति और मूल्यों की संवाहक
शर्मा ने कहा कि सीकर की भूमि सदियों से अध्यात्म, संस्कार और मानवीय मूल्यों की संवाहक रही है। शेखावाटी की यह पावन धरती संत-महात्माओं, वीर योद्धाओं और अन्नदाता किसानों की रही है। उन्होंने कहा कि यहां के कठोर परिश्रमी लोग राजस्थान का गौरव हैं।
सेवा पखवाड़ा: पीएम मोदी के जन्मदिवस पर जागरूकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में कई सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियान शुरू किए हैं—जैसे स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और एक पेड़ मां के नाम। नशामुक्ति अभियान भी इन्हीं में से एक है। उनके जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेशभर में नशामुक्ति जैसे कार्यक्रमों के साथ ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से अंतिम छोर तक बैठे लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
नशा माफियाओं पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय नशा माफियाओं का बोलबाला था, लेकिन वर्तमान सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की है। पिछले 18 महीनों में 6,608 मामले दर्ज हुए और 7,835 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 4,700 किलो अफीम और 130 किलो हेरोइन भी जब्त की गई। उन्होंने कहा कि सरकार अवैध धर्मांतरण रोकने के लिए भी विधेयक लेकर आई है।
युवाओं को मिलेगा 10 लाख रोजगार
शर्मा ने कहा कि पेपरलीक ने युवाओं के सपनों पर कुठाराघात किया था। लेकिन उनकी सरकार ने पारदर्शिता के साथ परीक्षाओं का आयोजन सुनिश्चित किया है। उन्होंने घोषणा की कि अगले पाँच सालों में 10 लाख रोजगार दिए जाएंगे, जिनमें 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में होंगे। अब तक 75 हजार नियुक्तियां हो चुकी हैं और यह आंकड़ा जल्द ही 1 लाख तक पहुंच जाएगा। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने युवाओं को किया प्रेरित
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि युवा दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ेंगे तो वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र के रूप में उभरेगा। 
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण सलाहकार समिति अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, विधायक सुभाष मील, गोरधन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।













































