लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उदयपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि मोदी सरकार देश में आर्थिक सुधारों, टैक्स प्रणाली के सरलीकरण और आम नागरिक के जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है।
राठौड़ ने बताया कि पहले कई आवश्यक वस्तुओं पर 18 से 28 प्रतिशत तक जीएसटी लागू थी, जिसे घटाकर अब 0 से 5 प्रतिशत के स्लैब में लाया गया है। जीवन रक्षक दवाएं, कैंसर की दवाएं, शैक्षिक सामग्री, जूते, चश्मे, पेन, पंखे, रसोई सामग्री और कॉस्मेटिक आइटम्स सहित एमएसएमई, किसान उपकरण और छोटे उद्यमी अब 0-5 प्रतिशत टैक्स स्लैब में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि देश में महंगाई दर घटकर 2.1 प्रतिशत तक आ गई है, और नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स लागू होने के बाद यह दर 1 प्रतिशत तक आने की संभावना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भारत की स्वदेशी उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला, जैसे चंद्रयान मिशन, COVID-19 वैक्सीन निर्माण और वितरण, पीपीई किट उत्पादन, तथा रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता। उन्होंने बताया कि पहले देश में 36 प्रकार के टैक्स लागू थे, जिन्हें जीएसटी के माध्यम से सरल और पारदर्शी बनाया गया।
राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 सितंबर को बांसवाड़ा दौरे की जानकारी भी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री परमाणु ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत 45,000 करोड़ रुपये है और इससे 2,800 मेगावॉट ऊर्जा प्राप्त होगी। यह परियोजना राजस्थान और देश के लिए ऐतिहासिक साबित होगी और क्षेत्रीय आधारभूत संरचना, बिजली सुरक्षा, रोजगार और निवेश को मजबूती देगी।
इस अवसर पर सांसद मन्नालाल रावत, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती, भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















































