लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा, लोक टुडे न्यूज नेटवर्क।
भीलवाड़ा जिले में कांग्रेस द्वारा आयोजित फसल मुआवजा जन अधिकार आंदोलन पर भाजपा नेताओं ने कड़ा प्रहार करते हुए इसे “सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास” बताया। शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, आसींद विधायक जब्बरसिंह सांखला, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, सहाड़ा विधायक लादूलाल पीतलिया, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा और मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने संयुक्त रूप से कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
“जनता द्वारा नकारे गए नेताओं की नौटंकी”
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास खो चुकी है, और उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। ऐसे में सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए वह आंदोलन के नाम पर आमजन को भ्रमित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा सत्र में अपनी बात रखने के अवसर का उपयोग नहीं किया और सदन की कार्यवाही बाधित कर समय नष्ट किया।
“केंद्र और राज्य सरकार आमजन के साथ”
नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकारें किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए काम कर रही हैं। भीलवाड़ा जिले में विकास कार्यों की गति तेज है, सांसद और विधायक कोष से जनहित में कार्य किए जा रहे हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता का बढ़ता समर्थन कांग्रेस को असहज कर रहा है, इसलिए वह आधारहीन आंदोलन कर रही है।
कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों का भाजपा का जवाब
-
फसल मुआवजा: पिछले वर्ष अतिवृष्टि से हुए नुकसान के मुआवजे की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। वर्तमान वर्ष की गिरदावरी रिपोर्ट भी राज्य सरकार को भेज दी गई है।
-
सरपंचों का मामला: न्यायालय में विचाराधीन है, इसमें कोई हस्तक्षेप संभव नहीं।
-
ग्राम पंचायत परिसीमन: जनहित को ध्यान में रखकर पंचायतों का विस्तार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
-
विद्यालयों की सुरक्षा: जर्जर विद्यालयों के मरम्मत व निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कर दिया गया है। जिले के डीएमएफटी फंड से भी राशि उपलब्ध कराई गई है।
-
सीवरेज कार्य: शहर में सीवरेज की समस्या को लेकर प्रशासन सतर्क है और आमजन को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
“भीलवाड़ा की जनता समझदार है”
भाजपा नेताओं ने कहा कि भीलवाड़ा की जनता किसी भी तरह की झूठी बयानबाजी से भ्रमित नहीं होगी। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को नकारकर जिले को कांग्रेस मुक्त बना दिया गया था।
इस प्रेसवार्ता में भाजपा जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया, मनोज बुलानी, शशांक बिड़ला, अभिश्रुता सोलंकी, अनिल सिंह जादौन, भूपेंद्र सिंह बिलिया और जिला मीडिया संयोजक महावीर समदानी भी उपस्थित रहे।













































