पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा संपन्न, त्रिस्तरीय जांच के बाद ही मिला प्रवेश

0
51
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

ब्यावर (हेमंत साहू)।
राजस्थान पुलिस की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 रविवार को बेवर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पुलिस विभाग ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था अपनाई, ताकि किसी भी प्रकार की धांधली या गड़बड़ी को रोका जा सके।

ब्यावर में परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए थे, जहां दो पारियों में कुल 7,680 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से दोनों पारियों को मिलाकर 5,464 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 2,216 अनुपस्थित रहे। लगभग 70 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।

सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले त्रिस्तरीय जांच की गई। गहन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। हाथ में धागा, कलावा या अन्य किसी प्रकार की सामग्री लेकर आने वाले परीक्षार्थियों को बाहर ही रोक दिया गया। प्रवेश से पूर्व बायोमैट्रिक पहचान कराई गई और प्रत्येक परीक्षार्थी की वीडियोग्राफी भी की गई।

एसपी रतन सिंह राठौड़ के निर्देशन में नोडल अधिकारी व एएसपी भूपेंद्र शर्मा तथा सीओ सिटी राजेश कसाना ने परीक्षा की व्यवस्थाओं की कमान संभाली। परीक्षा केंद्रों के बाहर तथा शहर के प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सकी।

परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बसों में सीट पाने के लिए परीक्षार्थी युवक-युवतियाँ अपनी जान जोखिम में डालते हुए खिड़की से चढ़ते दिखाई दिए। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की थी।

इस परीक्षा के सफल आयोजन से पुलिस विभाग की सतर्कता और पारदर्शिता का संदेश आमजन तक पहुंचा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here