लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सदन का उद्देश्य प्रदेश की 8 करोड़ जनता की समस्याओं का समाधान करना है, लेकिन विपक्ष सस्ती लोकप्रियता के लिए समय बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि सदन की अपनी परंपराएं और गरिमा होती हैं, जिन्हें निभाना सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है, परंतु विपक्ष ऐसा नहीं कर रहा।
शर्मा ने कहा कि मानसून सत्र का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना और उनके समाधान की दिशा में काम करना है। परंतु विपक्ष ने कोई ठोस मुद्दा नहीं उठाया, जिससे आमजन की वास्तविक आवाज सदन तक पहुंच सके। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए कार्य कर रहा है और जनता के सामने उनकी सेवा का दावा खोखला है।
अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में विपक्ष की अनुपस्थिति
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने और पीड़ित लोगों के दुख दर्द में साथ देने के लिए विपक्ष का कोई भी नेता या जनप्रतिनिधि जनता के बीच नहीं गया। जबकि सरकार के सांसद, मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित इलाकों में जाकर निरीक्षण कर रहे हैं और सहायता पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के बीच जाकर उनके आंसू पोंछ रहे हैं। विपक्ष की यह निष्क्रियता प्रदेश की जनता देख रही है और समय आने पर उन्हें जवाब देगी।”
जनता की सेवा से पीछे नहीं हटेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता के हित में उठाई गई आवाज को विपक्ष दबा नहीं सकता। सरकार सदन में तथा मैदान में जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समस्याओं का समाधान ही सरकार की प्राथमिकता है और विपक्ष चाहे जितना व्यवधान डाले, इससे जनता का भरोसा नहीं डगमगाएगा।















































