लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य में रेलवे सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए आमजन को बेहतर आवागमन, स्थानीय रोजगार और औद्योगिक विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए केंद्र सरकार के साथ निरंतर समन्वय करें और वित्तीय तथा तकनीकी आवश्यकताओं को सुनिश्चित करते हुए कार्य में गति लाई जाए।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में रतलाम-डूंगरपुर वाया बांसवाड़ा नई रेल परियोजना और भरतपुर में प्रस्तावित नवीन रेल टर्मिनल की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भरतपुर में रेल टर्मिनल के निर्माण से किसानों, उद्योगों और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को टर्मिनल के लिए उपयुक्त स्थान चयन हेतु संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही, उन्होंने उत्तर-पश्चिम रेलवे के अधिकारियों से रतलाम-डूंगरपुर रेल परियोजना की वस्तुस्थिति पर चर्चा की और भूमि अधिग्रहण का कार्य आपसी समन्वय से शीघ्र पूरा करने तथा परियोजना की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय संसाधनों और तकनीकी आवश्यकताओं को केंद्र से समन्वय कर तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम आमजन को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित हैं। रेलवे का मजबूत नेटवर्क प्रदेश में न केवल आवागमन को आसान बनाएगा, बल्कि स्थानीय उद्योग और रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा।”
बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, राज्य सरकार एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तथा वीसी के माध्यम से संबंधित जिलों के कलक्टर्स भी जुड़े।













































