दिया कुमारी ने अतिवृष्टि से प्रभावितों को तुरंत राहत देने के निर्देश दिए

0
125
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

अजमेर संवाददाता | नितिन मेहरा

अजमेर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अजमेर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ अतिवृष्टि, राहत एवं बचाव कार्य, सहायता तथा गिरदावरी से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिला कलक्टर लोक बंधु ने विभिन्न कार्यों की जानकारी देते हुए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से प्रभावित व्यक्तियों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की तात्कालिक मरम्मत एवं पुनरूत्थान कार्य मौसम ठीक होते ही शुरू किए जाएं। साथ ही जर्जर और असुरक्षित संरचनाओं के उपयोग से बचने की हिदायत दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त सभी सड़कों की मरम्मत दीपावली से पूर्व पूर्ण की जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग उपखंड स्तर से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि व्यक्तिगत संपत्ति में हुए नुकसान की भरपाई हेतु एसडीआरएफ राहत के नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर पोर्टल पर आवेदन कराए जाएं। साथ ही, जिले में पशु हानि, मकान क्षति एवं जनहानि से संबंधित सर्वे कराकर समय पर सहायता दी जाए। जल स्रोतों से सुरक्षित जल निकासी सुनिश्चित करने, बांधों की मजबूती पर लगातार नजर रखने और अजमेर शहर के मास्टर ड्रेनेज प्लान को प्राथमिकता देने की भी बात कही गई।

फसलों की गिरदावरी के साथ-साथ खराबे का आंकलन आगामी 10 दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ित किसानों को समय पर सहायता मिल सके। साथ ही डिजीटल क्रॉप सर्वे भी समय पर कराने की बात कही गई।

इसके अलावा, पंच गौरव योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता बताई गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पंच गौरव के माध्यम से प्रत्येक जिले को नई पहचान देना चाहती है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here