लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर)। भड़सुरी गांव में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां 21 वर्षीय युवक खदान में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक युवक की तलाश जारी रही।
पीसांगन थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे भड़सुरी निवासी हीरालाल अपने साथी कालू के साथ मवेशी चरा रहा था। इस दौरान रातड़िया तिराहे के पास स्थित खदान के पास उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूब गया।
घटना की जानकारी कालू ने तुरंत हीरालाल के चाचा कैलाश गुर्जर को दी। इसके बाद गांव के लोग, सरपंच प्रतिनिधि बलदेव गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस व सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। कई घंटों तक खोजबीन के बावजूद जब सफलता नहीं मिली तो रात 10 बजे से खदान का पानी खाली करने के लिए 4 ट्रैक्टरों और 4 वाटर पंपों की मदद ली गई।
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि पानी निकालने की कार्रवाई पूरी होने के बाद हीरालाल की तलाश और तेज की जाएगी। घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण डटे हुए हैं।














































