- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पादूकलां। गुरुवार को सुबह से शुरू हुई तेज बारिश दिनभर जारी रहने से कस्बे और आसपास के गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। खेतों में पानी भर जाने से बाजरा, मूंग, ग्वार और ज्वार जैसी फसलें डूबने लगी हैं। किसान शिव नारायण ने कहा कि खेत तालाब बन गए हैं, अगर पानी जल्द नहीं निकला तो पूरी फसल खराब हो जाएगी।
बरसात से सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों की आवाजाही बाधित हुई। खासकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी, कई विद्यार्थी भीगते हुए स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि तेज बारिश से बाजारों में सुस्ती, घरों के बाहर पानी भरने से गंदगी और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है।
कृषि विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि किसान खेतों में नालियां बनाकर अतिरिक्त पानी बाहर निकालें। वहीं ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है।
- Advertisement -















































