लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वामन द्वादशी के पावन अवसर पर नौगांवा स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में भगवान को विशेष श्रृंगार में वामन अवतार स्वरूप सजाया गया। सामान्य चतुर्भुज रूप के स्थान पर भगवान विष्णु के पांचवें अवतार वामन का अलौकिक रूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र बन गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि यह श्रृंगार वामन द्वादशी के महत्व को दर्शाता है, जब भगवान वामन ने राजा बलि से तीन पग भूमि मांगकर धर्म की स्थापना की थी। भगवान को छाता और कमंडल धारण किए हुए बौने ब्राह्मण स्वरूप में सजाया गया, जिसकी दिव्यता देखकर भक्त भावविभोर हो उठे।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, जयकारों और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। शाम की आरती में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा और सभी ने मिलकर भगवान के अद्भुत स्वरूप के दर्शन कर मनोकामनाएं मांगीं।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि भक्तों को भगवान के विविध रूपों और उनकी लीलाओं से भी परिचित कराते हैं।












































