लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ब्यावर | रिपोर्ट: हेमन्त साहू
क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी को प्राथमिकता
ब्यावर। ब्यावर नगर परिषद के नए आयुक्त श्रवण राम चौधरी ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आरओ विकास कुमावत, एईएन पप्पू सिंह गुर्जर, पैरोकार मनोज शर्मा ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
आयुक्त चौधरी ने कहा कि शहर की सफाई और पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के साथ-साथ क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में अस्थाई अतिक्रमण और वार्डों की विभिन्न समस्याओं का समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
चौधरी ने जोर दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा ताकि कोई भी नागरिक सरकारी योजनाओं से वंचित न रह सके। उन्होंने कहा कि ब्यावर नया जिला है और इसके विकास और सुंदर निर्माण की दिशा में तेजी के साथ कार्य किया जाएगा।
पदभार ग्रहण के बाद आयुक्त ने नगर परिषद कर्मचारियों की बैठक ली, जिसमें 15 सितंबर तक चलाए जाने वाले “शहरों की ओर चलो अभियान” की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने वार्डों के अनुसार समस्याओं को चिन्हित किया और उनके समाधान के लिए विस्तृत रूप से रणनीति बनाई।
स्वायत्त शासन विभाग के हालिया आदेश के अनुसार, मकराना नगर परिषद के आयुक्त श्रवण राम चौधरी को अब ब्यावर नगर परिषद का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। इसके तहत वह तीन दिन ब्यावर और तीन दिन मकराना नगर परिषद का कार्य संभालेंगे।
विगत लंबे समय से रिक्त चल रहे ब्यावर नगर परिषद आयुक्त पद को भरने के लिए यह निर्णय स्वायत्त शासन विभाग द्वारा लिया गया है।












































