लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए कृमिनाशक दवा लाभकारी : सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेन्द्र मार्ग में शुक्रवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा एवं अति. सीएमएचओ डॉ. रामकेश गुर्जर ने विद्यार्थियों को एलबेंडाजोल की खुराक खिलाकर अभियान की शुरुआत की।
बच्चों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने कहा कि कृमि नाशक दवा बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है और एनीमिया जैसी बीमारियों से बचाव होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी और आयरन दवा के नियमित सेवन के फायदे बताते हुए उन्हें इसके लिए प्रेरित किया।
मॉप-अप दिवस पर छूटे बच्चों को मिलेगी दवा
अभियान के तहत विद्यालय में सभी बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई। जो बच्चे इस दिन छूट गए हैं, उन्हें 29 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलेभर में चला अभियान
अति. सीएमएचओ डॉ. रामकेश गुर्जर ने बताया कि जिलेभर में आयोजित इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा दी गई। इसमें सरकारी और निजी विद्यालयों, उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों को शामिल किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे
कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग से शम्भूलाल सेन सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्राध्यापक राजेश कुमार शर्मा, धीरज जोशी, अर्चना कुमारी जैन, प्रतिभा अग्रवाल सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित थे।












































