लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज हवाई मार्ग से जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने 15 अगस्त को सड़क दुर्घटना में छात्र लोकेंद्र सिंह की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्वयं मृतक छात्र के परिवार से मिलना चाहिए था क्योंकि लोकेंद्र सिंह उनके कार्यक्रम में शामिल होने आ रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री को किस सलाहकार ने पिछली सड़क से हवाई अड्डे ले जाने की सलाह दी।
पुलिस पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने सड़क पर तैनात पुलिस कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब चार छात्र एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें क्यों नहीं रोका।
राजनीतिक बयान
राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए गहलोत ने कहा कि “वोट चोरी के खिलाफ चल रहा अभियान अब गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंच गया है।”
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यशैली पर भी असहमति जताई और कहा कि विपक्ष उनके खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी कर रहा है।
मृतक छात्र के परिवार से मुलाकात
एयरपोर्ट से रवाना होकर गहलोत सीधे मृतक छात्र लोकेंद्र सिंह के निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।














































