लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नागौर, (पादूकलां)। नागौर जिले में जिला परिषद सदस्य उपचुनाव की तैयारियों को लेकर विकास अधिकारी राकेश कुमार मेहरिया ने रविवार को मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने रियांबड़ी पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत गवारड़ी, लांपोलाई और अरनियाला में बनाए गए मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विकास अधिकारी मेहरिया ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर पहुंचकर पानी, बिजली, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने पर जोर दिया।
ग्राम विकास अधिकारी संदीप गोदारा ने जानकारी दी कि जिला परिषद सदस्य का पद रिक्त हो जाने से उपचुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। इन मतदान केंद्रों पर 21 अगस्त को मतदान होगा।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद माली भी मौजूद रहे।












































