लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर।
राजमाता विजयाराजे कृषि उपज मंडी में व्यापारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही। यह हड़ताल राज्य सरकार द्वारा लगाए गए 0.5% नए मंडी टैक्स के विरोध में की जा रही है।
यह आंदोलन 14 अगस्त से शुरू होकर अब व्यापक रूप ले चुका है। बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की।
हड़ताल का नेतृत्व मंडोर मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र परिहार और सचिव धर्मेंद्र भंडारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ने मंडी या उप-मंडी यार्ड में गैर-अधिसूचित कृषि उपज और खाद्य उत्पादों पर प्रति ₹100 पर 0.50 पैसे यूजर चार्ज लगाया है, जो किसानों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल रहा है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि हड़ताल लंबी खिंचने से हालात चिंताजनक हो सकते हैं। वहीं, बाबा रामदेव मेले में लगने वाले रसोड़े भी इस हड़ताल से प्रभावित हो रहे हैं।

















































