लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
किशनगढ़ अजमेर ।,(भँवाड़ा) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, भँवाड़ा में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आज़ादी का पर्व बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दूरदर्शन के पूर्व अधिकारी ओ.पी. राजपुरोहित उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और कविताओं की रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं, जिनसे वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि राजपुरोहित ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह उन बलिदानों की याद दिलाता है जिनकी बदौलत हमें आज़ादी मिली। उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा—“बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार, ईमानदारी और अनुशासन को अपनाना चाहिए। छोटे-छोटे अच्छे कार्य भी भारत को महान बनाने में योगदान देते हैं।”
छात्रों को मिला सम्मान
समारोह में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्व. नाथू सिंह राजपुरोहित स्मृति शैक्षणिक सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कारस्वरूप विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार दिए गए। यह परंपरा राजपुरोहित द्वारा पिछले 28 वर्षों से अपने पिताजी की स्मृति में अनवरत जारी है।
राजपुरोहित ने विद्यालय के सभी अध्यापकों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
प्रधानाध्यापक ने अतिथियों का किया स्वागत
विद्यालय प्रधानाध्यापक शंकर लाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विद्यालय में मिड-डे मील के लिए बने शेड हेतु उनके सहयोग पर आभार व्यक्त किया। समारोह में शिवराज सिंह राठौड़ (अध्यक्ष), गंगा सिंह राजपुरोहित (विशिष्ट अतिथि) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मंच संचालन अध्यापिका कंचन शर्मा ने किया।










































