लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
गोगा नवमी पर उमड़े श्रद्धालु
पादूकलां (नागौर) | संवाददाता रिपोर्ट
लोक देवता गोगाजी महाराज का तीन दिवसीय मेला रविवार को बड़े धूमधाम के साथ शुरू हुआ। कस्बे के सार्वजनिक तालाब के किनारे स्थित मैला मैदान में गोगाजी महाराज मंदिर में गोगा नवमी के मौके पर अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
ध्वज चढ़ाकर मेले की शुरुआत
मंदिर के पुजारी कैलाश प्रजापत ने बताया कि रविवार को ध्वज चढ़ाकर मेले का शुभारंभ किया गया। सुबह से ही गोगाजी महाराज के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। युवा कार्यकर्ताओं और पुजारियों ने बारी-बारी से भक्तों को मंदिर में दर्शन करवाए और ज्योत प्रज्वलित करवाई।
पूजा-अर्चना और भोग
गोगा नवमी के अवसर पर भक्तों ने गोगाजी महाराज की पूजा-अर्चना कर खीर, चूरमा, सेवईं और मिठाई का भोग लगाया। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए मंदिर में दर्शन का लाभ लिया और अपने परिवार, गांव और देश की खुशहाली की कामना की। किसानों ने अच्छी बारिश और भरपूर फसल के लिए अरदास लगाई।
झूले और दुकानों से सजा मेला
मंदिर परिसर और मैदान में विभिन्न प्रकार के झूले, खिलौनों और मिठाइयों की दुकानें सजी हुई हैं। मेले में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे और लोक देवता गोगाजी महाराज की जय-जयकार करते दिखाई दिए।














































