लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
झालावाड़ – खानपुर उपखंड क्षेत्र के गोलान गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कार्यवाहक प्रिंसिपल पर बच्चों और अभिभावकों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में खेल मैदान की व्यवस्था सही नहीं है और अंग्रेजी विषय की पढ़ाई नियमित रूप से नहीं हो रही। अंग्रेजी विषय के शिक्षक द्वारा मोबाइल के माध्यम से पढ़ाई कराई जाती है, जिससे बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
इसके अलावा, अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय विकास समिति की बैठकें शिक्षकों द्वारा मनमर्जी से की जाती हैं, और इनमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को कोई सूचना नहीं दी जाती।
ग्रामवासियों ने कार्यवाहक प्रिंसिपल वीरेंद्र मीणा और शिक्षक शिवराज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सियाराम नागर मौके पर पहुंचे।












































