लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जो गौसेवा करता है, वह वास्तव में समाज और राष्ट्र की सेवा करता हैःमहामंडलेश्वर स्वामी हंसराम
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) शहर में गौसेवा जैसे पुण्य कार्य को प्रोत्साहित करने हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरिशेवा धाम उदासीन आश्रम और इससे जुड़े संस्थानों ने घायल एवं असहाय गायों के रेस्क्यू और उपचार के लिए कार्यरत श्री गौ सेवा मित्र मंडल एवं चौरिटेबल ट्रस्ट को दो बार में कुल 1,01,000 (एक लाख एक हजार रुपये) की सहयोग राशि भेंट की है। यह राशि दो चरणों में प्रदान की गई। पहली बार 15 जुलाई 2025 को हरिशेवा धर्मशाला की ओर से महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने 51,000 (इक्यावन हजार रुपये) का चेक गौ सेवा मित्र मंडल को भेंट किया।
वहीं, दूसरी बार आज गुरूवार 17 जुलाई 2025 को हरिशेवा धाम रिलीजियस एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 50,000 (पचास हजार रुपये) का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर हरिशेवा धाम में एक गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संत समाज, समाजसेवी एवं गौभक्त बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से संत गोविंद राम, ब्रह्मचारी कुणाल, सिद्धार्थ, मिहिर, सचिव हेमंत वछानी, पुरुषोत्तम दास, अमन शर्मा, बिलेश्वर डाड, सुभांशु जैन, शुभम सोनी, हर्षित ओझा, सूजल बिड़ला एवं अर्पित काबरा उपस्थित थे। स्वामी हंसराम ने इस अवसर पर अपने संदेश में कहा, “गौमाता हमारी संस्कृति और सनातन परंपरा की आत्मा हैं।
उनकी सेवा करना ही सच्चे धर्म का पालन है। जो गौसेवा करता है, वह वास्तव में समाज और राष्ट्र की सेवा करता है। आश्रम सदैव ऐसे पुण्य कार्यों में सहभागी रहेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि घायल और असहाय गौमाताओं की सेवा के लिए कार्यरत संस्थाओं को सहयोग देना समय की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक एक गाय की पीड़ा को समझे, तो संपूर्ण भारत गोमाता के कल्याण का केंद्र बन सकता है। इस सहयोग राशि से गौ सेवा मित्र मंडल घायल और बीमार गायों के इलाज, उनके भोजन, आवास तथा दवाइयों की व्यवस्था करेगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अब तक सैकड़ों गौवंश को रेस्क्यू कर उपचारित किया जा चुका है और यह कार्य समाज के सहयोग से निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों और श्रद्धालुओं ने स्वामी हंसराम जी के इस सेवाभाव की सराहना की और कहा कि यह आर्थिक सहयोग गौसेवा जैसे कार्यों को और अधिक गति देगा तथा समाज में करुणा और धर्म की भावना को सुदृढ़ करेगा। गौ सेवा मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने भी हरिशेवा धाम परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है और यह प्रेरणा बनती है कि समाज में सभी लोग मिलकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।









































