लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
विद्युत तंत्र को सुदृढ कर आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति करें सुनिश्चित- उर्जा मंत्री
भरतपुर । ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि विद्युत तंत्र को सुदृढ कर आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करते हुये अधिकारी सकारात्मक सोच के साथा कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्युत लॉस में कमीं लाने के लिये सभी अधिकारी स्वप्रेरित होकर कार्य करें अन्यथा संबंधित अभियन्ताओं की जिम्मेदारी तय की जायेगी। जिले में सरकार द्वारा 24 जीएसएस का निर्माण कराया गया है जबकि पिछले शासन में 8 जीएसएस स्थापित किये गये थे।
ऊर्जा मंत्री बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक में योजनाओं की प्रगति एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। विद्युत सबस्टेशनों के निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से किये जाकर गुणवत्ता के साथ पूरा करायें।
उन्होंने कहा कि जो संवेदक समय पर कार्य पूरा नहीं करें उन्हें ब्लेकलिस्ट की कार्यवाही करें जिससे निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि आमजन एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा बताई गई समस्याओं का समय पर निराकरण कराकर, फोन नहीं उठाने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्यवाही करें।
उन्होंने कहा कि सभी अभियन्ता अपने-अपने क्षेत्रों के विद्युत सबस्टेशनों की नियमित जांच कर विद्युत फीडर सुधार कार्य, जीएसएस पर साफ-सफाई, लाईन दुरूस्त करने के कार्यों को बारीकी के साथ मॉनिटरिंग करें।















































