लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जिला स्तरीय समारोह में बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण का लिया संकल्प
आगे बढ़ने के लिए बालिकाओं में शिक्षा के साथ आत्मविश्वास का होना बेहद जरूरी-जिला कलक्टर
भीलवाड़ा, विनोद सेन । जिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलमण्डी में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर समाज में लिंगानुपात में सुधार और बालिकाओं की शिक्षा पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने बालिकाओं को अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर स्कूली बालिकाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।

जिला कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में लिंगानुपात में सुधार करने और बालिकाओं को समान अवसर दिलाने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई प्रभावी कानून बनाए गए हैं, जिससे कन्या भ्रूण हत्या पर रोक संभव हो पाई है। कन्या भू्रण हत्या जैसे जघन्य अपराध की रोकथाम के लिए हमें समाज में फैली संकीर्ण मानसिकता को बदलना होगा और इसके लिए बालिकाओं का शिक्षित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बालिकाओं को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत रंगोली, पोस्टर, निबंध और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट रही छात्राओं को जिला कलेक्टर ने पुरस्कृत किया।


















































