
चिंदी मिल गई तो खुद को बजाज समझ रहे हैं राहुल गांधीः- शिवराज सिंह चौहान
पीएम मोदी के विजन और कार्यकर्ताओं के मिशन भाव से सक्षम राजस्थान बनाएंगेः-भजनलाल
जयपुर । नीरज मेहरा विशेष संवाददाता जयपुर के जेईसीसी सभागार में भाजपा की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा विचार को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, जबकि कांग्रेस परिवारवाद पर चलने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश आगे बढ़ रहा है, वहीं कांग्रेसी नेता फेक एजेंडा चलाकर पीएम मोदी को रोकना चाहते है, लेकिन जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अटूट विश्वास है इस विश्वास की बदोैलत ही देश प्रगति की ओर अग्रसर है।

केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार का गठन होना और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार का बनना प्रदेश की जनता के लिए एक नई सौगात है। भाजपा विश्व की सबसे बडी राजनीतिक पार्टी है, इसमें वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन से हम आगे बढ़ रहे है। संगठन बढे चलो का ध्येय पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ने में सहयोग कर रहा है, सभागार में उपस्थित भाजपा के कार्यकर्ताओं की संख्या को देखते हुए यह कार्यसमिति ऐतिहासिक साबित हो गई है। भाजपा की कार्यसमिति विकसित, सशक्त, समर्थ और स्वस्थ राजस्थान की परिकल्पना को चरितार्थ कर रही है।

सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान की दुहाई दे रही है, जबकि 25 जून का आपातकाल लगाकर इसी कांग्रेस पार्टी ने संविधान की हत्या की , ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का मैं धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने 25 जून को संविधान हत्या दिवस घोषित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी धन्यवाद देना चाहता हूं कि मीसाबंदियों की पेंशन शुरू करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। सीपी जोशी ने भजनलाल सरकार के 7 माह के कार्यकाल के दौरान किए गए जनकल्याणकारी फैसलों को ऐतिहासिक बताया।

वृहद कार्यसमिति को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश में 62 साल बाद इतिहास को दोहराते हुए नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व की सबसे बडी ताकत बनने कीे ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत वापस लौटी है, देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें नंबर से 5वें स्थान पर पहुंची है, और अब तीसरे पायदान की ओर अग्रसर है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत विधानसभा और लोकसभा दोनों ही चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता नींव का पत्थर है। भाजपा की आत्मा अगर उसका विचार है तो कार्यकर्ता उसका प्राण है। उन्होने कहा कि भाजपा सत्ता के स्वर्ण सिंहासन पर बैठने नहीं आई बल्कि दरिद्र नारायण की सेवा और समृद्ध विकसित राजस्थान के लिए सत्ता में आई है। हमारे लिए राजनीति प्रोफेशन नहीं मिशन है यही कारण है कि राम मंदिर, धारा 370 जैसे पुराने मुद्दों का समाधान किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत एक ताकत बनकर उभरा है जहां राष्ट्र हित सर्वोपरी है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि समाज में चार ही जातिया हैं गरीब, युवा, किसान और मातृशक्ति। इन चारोें के ही कल्याण के लिए भाजपा संकल्पबद्ध है। किसानों का भला करने के लिए आवश्यक है कि फसलों का उत्पादन बढे, उत्पादन की लागत कम हो, उत्पादन का उचित मूल्य मिले , उसके नुकसान की भरपाई हो, फसलों का विविधिकरण हो और किसान प्राकृतिक खेती की ओर लौटे। उन्हाने कहा कि राहुल गांधी को चिंदी मिल गई तो अपने आप को बजाज समझने लगे हैं इसी के चलते वो उस हिंदु समाज को हिंसक बताने का पाप कर रहे हैं। जिस हिंदु समाज ने वसुधैव कुटुम्बकम् और सर्वे भवन्तु सुखिनः का विचार दिया।

केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कार्यसमिति के दौरान लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार का अभिनंदन प्रस्ताव रखा। केंद्रीय नेतृत्व के अभिनंदन वाले प्रस्ताव का कार्यसमिति में मौजूद सभी लोगों ने स्वागत किया।
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा रखे गये केंद्रीय नेतृत्व के अभिनंदन प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तीसरा कार्यकाल ऐतिहासिक और जन कल्याणकारी होगा, पीएम मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद सबसे पहले किसानों के कल्याण हेतु किसान सम्मान निधि की फाईल पर हस्ताक्षर किये। यह उनकी देश के अन्नदाता के प्रति उदार सोच का उदाहरण है।

भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि भाजपा की नीतियां और विचारधारा सुशासन की ओर ले जाने वाली है, जबकि कांग्रेस के पास ना तो कोई नीति है और ना ही नेतृत्व। कांग्रेस फूट डालों राज करो की नीति पर चलने वाली पार्टी है, लेकिन भाजपा सरकार के चलते कांग्रेस कामयाब नहीं हो पाई।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने कई चुनौतियां है, लेकिन भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की बदौलत पीएम मोदी इन चुनौतियों का सामना कर पा रहे है, पीएम मोदी के 2047 के विकसित भारत के सपने को साकार करने में कार्यकर्ताओं और देश की जनता ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम में राजनीति से अलग सामाजिक सरोकार के विषय होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसे सुनना चाहिए। एक वृक्ष मां के नाम मुहीम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। भाजपा में पन्ना प्रमुख, मंडल, बूथ, हर स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा में बूथ को मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है।

प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार द्वारा जन हितेषी और ऐतिहासिक फैसले लिये जा रहे हैं। सरकार के कार्यों से प्रदेश की जनता खुश है, सरकार के कार्यो के बदोलत ही भाजपा आगामी समय में पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के बूते कांग्रस के झूठे भ्रम को तोड़ने का कार्य किया जाएगा। भाजपा की भजनलाल सरकार ने आपणो अग्रणी राजस्थान थीम पर बजट पेश किया है। बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है और डबल इंजन सरकार जनता के हित में काम कर रही है।

अभिनंदन प्रस्ताव पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रखा और हरियाणा के प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया ने इसका अनुमोदन किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सांसद दामोदर अग्रवाल ने पिछली कार्यसमिति के बाद दिवंगत हुए राजनैतिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों के प्रति शौक प्रस्ताव रखा।
कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कार्यसमिति के बारे में प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में दो प्रस्ताव पारित कर केंद्रीय एवं राज्य सरकार के लोककल्याणकारी निर्णयों का अभिनंदन किया गया और संगठन की नीति, विचार और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया। कार्यसमिति के दौरान मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अल्का सिंह गुर्जर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, अरूण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।
मंच संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक जितेंद्र गोठवाल और श्रवण सिंह बगड़ी ने किया।





















































