लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भक्तामर दीपार्चना से गूंजा तीर्थ परिसर
अभिषेक, शांतिधारा और अष्टद्रव्य पूजन के साथ दूसरे दिन हुए धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ
उनियारा (निर्मल गुप्ता)। श्री दिगंबर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सूथड़ा में आयोजित अष्टानिका महापर्व के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र भगवान की पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
सुबह मंगलाष्टक, अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। शास्त्री हिमांशु जैन ने विधि-विधान के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न करवाईं। इस दौरान भगवान का अभिषेक कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और सर्वकल्याण की कामना की गई।
तीर्थ क्षेत्र प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा एवं संतु कुमार जैन ने बताया कि अष्टानिका महापर्व जैन धर्म के पवित्र और पुण्यदायी पर्वों में से एक है। यह पर्व आत्मशुद्धि, संयम, तप और भक्ति का संदेश देता है। जैन मान्यताओं के अनुसार इन दिनों देवगण नंदीश्वर द्वीप स्थित जिनालयों में तीर्थंकर भगवान की विशेष आराधना करते हैं। इसी भावना के अनुरूप श्रद्धालु मंदिरों में नंदीश्वर द्वीप की रचना कर भावपूर्वक पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने बताया कि महापर्व के आठ दिनों में अभिषेक, शांतिधारा, अष्टद्रव्य पूजन, भक्तामर पाठ, विधान, स्वाध्याय और दान का विशेष महत्व है। इन धार्मिक क्रियाओं के माध्यम से श्रद्धालु आत्मकल्याण, कषायों की शांति और आध्यात्मिक उन्नति की भावना रखते हैं।
शांतिधारा और धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
इस अवसर पर वार्षिक शांतिधारा करने का सौभाग्य निवाई निवासी मंजू देवी एवं रमेश चंद रौनक सर्राफ को प्राप्त हुआ। वहीं पांडुक शिला पर प्रथम शांतिधारा का पुण्यलाभ तेजमल जैन, महेंद्र जैन, रोहित कुमार एवं अखिल कुमार बनेठा को मिला। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
भक्तामर दीपार्चना में जगमगाया तीर्थ परिसर
भक्तामर संयोजक हुक्मचंद जैन एवं नाथूलाल जैन बनेठा ने बताया कि शाम 6:45 बजे भक्तामर दीपार्चना का आयोजन हुआ। इसमें पुण्यार्जक परिवार और भक्तामर मंडल बनेठा के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर भगवान की आराधना की। दीपार्चना के दौरान पूरा तीर्थ परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सभी धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर अष्टानिका महापर्व के दूसरे दिन को भक्तिमय माहौल में संपन्न किया।

















































