लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
12 हजार अभ्यर्थियों को बुलावा
बीकानेर में पांच जिलों के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली | जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणियों में होगा चयन
जयपुर। भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे राजस्थान के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। वर्ष 2027 की राजस्थान की चौथी सेना भर्ती रैली 30 जनवरी से बीकानेर में शुरू होगी। भर्ती रैली स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनू और श्रीगंगानगर जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनू की ओर से मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह रैली मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान और नागरिक प्रशासन बीकानेर के सहयोग से संपन्न होगी।

12 हजार चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र
सेना भर्ती रैली में सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) 2026 में शामिल हुए लगभग 12 हजार चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर बुलावा पत्र जारी किए गए हैं।
रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन की 8वीं पास एवं 10वीं पास श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
इस भर्ती के माध्यम से राजस्थान के युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर अनुशासन, समर्पण और सम्मान के साथ राष्ट्र सेवा करने का अवसर मिलेगा।
पूरी भर्ती प्रक्रिया योग्यता के आधार पर
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर के अनुसार सेना भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित है। चयन निर्धारित पात्रता मानदंडों और भर्ती प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
भर्ती में सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर विशेष जोर दिया गया है।
दलालों और धोखाधड़ी करने वालों से रहें सावधान
सेना ने भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दलालों और धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों से सावधान रहने की सलाह दी है।
सेना के अनुसार भर्ती पूरी तरह योग्यता के आधार पर होती है। कोई भी व्यक्ति या एजेंसी पैसे अथवा किसी अन्य लाभ के बदले भर्ती की गारंटी नहीं दे सकती।
अभ्यर्थियों को अपने व्यक्तिगत दस्तावेज और पहचान संबंधी जानकारी अनधिकृत व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत भर्ती अधिकारियों या स्थानीय पुलिस को देने के लिए कहा गया है।
आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें जानकारी
सेना भर्ती से संबंधित प्रमाणिक जानकारी, पात्रता, प्रक्रिया और अन्य विवरण के लिए अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनू से भी संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर ने भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए राजस्थान के युवाओं को अनुशासन, समर्पण और योग्यता के बल पर भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा का सपना पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया है।



















































