लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अच्छीनाथजी मंदिर में कन्याओं को कराया भोजन, लाल चुनरी और 51-51 रुपये की दक्षिणा देकर किया सम्मानित; मूर्ति विसर्जन के साथ नवरात्र संपन्न
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत मेवड़ा स्थित राजा भरतरी के शिष्य अच्छीनाथजी की तपोभूमि पर शारदीय नवरात्र की महानवमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। अच्छीनाथजी मंदिर परिसर में महंत पीर योगी लक्ष्मण नाथजी महाराज के सान्निध्य में 151 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। इस दौरान कन्याओं को मां जगदम्बा की लाल चुनरी और 51-51 रुपये की दक्षिणा भेंटकर सम्मानित किया गया।
महानवमी के अवसर पर विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए। महंत लक्ष्मण नाथजी महाराज ने कन्या पूजन के साथ गौमाता की पूजा-अर्चना की और परिवार, गांव, प्रदेश तथा देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। 
महंत ने कहा कि शारदीय नवरात्र के नौ दिन मां भगवती की आराधना के लिए विशेष महत्व रखते हैं। कन्या पूजन देवी शक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने का प्रतीक है।
नवरात्र के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के साथ क्षेत्र में शारदीय नवरात्र महोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
























































