लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल पालिका अध्यक्ष चुनाव में करीबी मुकाबले के बाद समर्थकों ने किया जोरदार अभिनंदन, साफा-शॉल और फूलमालाओं से सम्मान
लोसल (सीकर)। ओम प्रकाश सैनी
लोसल नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में करीबी मुकाबले में हार के बावजूद भाजपा प्रत्याशी बलदेवाराम (बी.आर.) हरिपुरा के समर्थन में क्षेत्र में उत्साह देखने को मिला। हरिपुरा गांव सहित आसपास के गणमान्य नागरिकों और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें साफा और शॉल पहनाने के साथ फूलमालाओं से अभिनंदन किया गया। समर्थकों ने करीब 16 लाख रुपये की नोटों की माला पहनाकर भी उनका सम्मान किया।
9 पार्षदों के बावजूद मिला कड़ा मुकाबला
नगर पालिका चुनाव में भाजपा के 35 में से 9 पार्षद ही निर्वाचित हुए थे। इसके बाद पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए बी.आर. हरिपुरा को प्रत्याशी बनाया। अध्यक्ष पद के चुनाव में उन्होंने 16 मत हासिल किए और मुकाबला काफी नजदीकी रहा। हालांकि जीत दर्ज नहीं कर सके।
चुनाव परिणाम के बाद समर्थकों की ओर से आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे। इस दौरान नारेबाजी के साथ हरिपुरा का अभिनंदन किया गया। 
बोले- जनता के विश्वास को कम नहीं होने दूंगा
समर्थकों के स्नेह और सम्मान से भावुक हुए बी.आर. हरिपुरा ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने चुनाव में जो मान-सम्मान और विश्वास दिया है, उसे वे कभी कम नहीं होने देंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के हित और अधिकारों के लिए आगे भी मजबूती से खड़े रहने की बात कही।
चुनाव में जीत हासिल नहीं होने के बावजूद समर्थकों की ओर से किया गया यह स्वागत स्थानीय राजनीति में हरिपुरा के प्रति बने समर्थन और उनके सामाजिक जुड़ाव को रेखांकित करता है।




















































