लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देशभक्ति के रंग में रंगा नगर
डग (झालावाड़)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को डग नगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह प्रतिहार के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में क्षेत्रीय विधायक कालूराम मेघवाल ने भी सहभागिता करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा और भारत माता के जयघोष के साथ निकली यात्रा ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव, स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक है। तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य और गौरव है।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आमजन का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा डग नगर गूंज उठा। हर हाथ में तिरंगा और हर हृदय में राष्ट्रभक्ति की भावना दिखाई दी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस दौरान नागरिकों से 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प भी दिलाया गया।
देशभक्ति से सराबोर हुआ डग
तिरंगा यात्रा के मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला और नगरवासियों ने एक स्वर में देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।













































