लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देशभक्ति के नारों से गूंजा भेरड़ा गांव
हल्की बारिश के बीच विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने निकाली तिरंगा रैली, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का दिया संदेश
चित्तौड़गढ़। रविवार सुबह हल्की बारिश की फुहारों के बीच चित्तौड़गढ़ जिले के भेरड़ा गांव में तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, भेरड़ा के प्रधानाध्यापक मुबारक खान देशवाली ने विद्यार्थियों के साथ तिरंगा प्रभात फेरी का नेतृत्व किया।
प्रभात फेरी के दौरान प्रधानाध्यापक मुबारक खान ने हाथ में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पूरे गांव में निकाली गई तिरंगा रैली
प्रधानाध्यापक मुबारक खान देशवाली ने बताया कि ग्राम भेरड़ा में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जो गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रैली में विद्यालय के समस्त स्टाफ, ग्रामवासी, एसएमसी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा हाथों में लेकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे गांव में कदमताल की। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
विद्यार्थियों और ग्रामीणों में दिखा उत्साह
हल्की बारिश के बावजूद तिरंगा रैली में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। विद्यार्थियों के साथ ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रैली का नेतृत्व संस्था प्रधान मुबारक खान देशवाली और अध्यापक तरसेम सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ, एसएमसी सदस्यों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सहभागिता रही।



















































