लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
साध्वी मंडल का होगा भव्य मंगल प्रवेश
उन्हेल (झालावाड़)। विश्व प्रसिद्ध नागेश्वर जैन तीर्थ, उन्हेल में वर्ष 2026 के चातुर्मास का शुभारंभ 24 जुलाई से होने जा रहा है। चार माह तक चलने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, आराधना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तीर्थ में पहुंचने की संभावना है।
नागेश्वर तीर्थ पेढ़ी कमेटी के अनुसार इस वर्ष का चातुर्मास साध्वी राजरत्नश्रीजी म.सा., साध्वी जिनकीर्तिश्रीजी म.सा. एवं साध्वी देशनाकीर्तिश्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में संपन्न होगा।
भव्य शोभायात्रा के साथ होगा मंगल प्रवेश
24 जुलाई को साध्वी मंडल का भव्य मंगल प्रवेश आलोट रोड स्थित गौशाला से होगा। इस अवसर पर बैंड-बाजों के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चावल की गहुली (गंवली) कर साध्वी मंडल का अभिनंदन किया जाएगा।
मंगल प्रवेश के बाद आराधना भवन में श्रद्धालुओं एवं आराधकों की उपस्थिति में साध्वी श्री के मांगलिक प्रवचन आयोजित होंगे।
पूरे दिन रहेंगे धार्मिक आयोजन
चातुर्मास के प्रथम दिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोपहर 12:00 बजे आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए साधर्मिक भक्ति का आयोजन होगा। इसके बाद 12:39 बजे श्री पार्श्वनाथ पंचकल्याणक महापूजन संपन्न होगा। वहीं संध्याकाल में भगवान की भव्य अंगरचना तथा रात्रि में भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चार माह तक होंगे प्रवचन और आराधना
24 जुलाई से प्रारंभ होने वाले चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, धार्मिक आराधना, पूजन और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए धर्म, साधना और आत्मकल्याण का विशेष अवसर रहेगा।
श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
नागेश्वर तीर्थ ट्रस्ट के सचिव धर्मचंद जैन ने बताया कि चातुर्मास के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आराधक नागेश्वर तीर्थ पहुंचेंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
















































