लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार; देसी कट्टा, कारतूस और दो वाहन जब्त
बालोतरा/समदड़ी: जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, तस्करों द्वारा की गई फायरिंग में एक कांस्टेबल बाल-बाल बच गया। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो आरोपियों को हथियार सहित पकड़ लिया। इस कार्रवाई में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 228.150 किलोग्राम डोडा पोस्त, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रमेश के अनुसार, ऑपरेशन ‘भीष भंजन’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान समदड़ी थाना प्रभारी नरपतदान रतनू के नेतृत्व में पुलिस और डीएसटी टीम ने मजल गांव क्षेत्र में नाकाबंदी की। वाहन जांच के दौरान शंकरलाल और रोहित को गिरफ्तार किया गया, जबकि ओमप्रकाश और रमेश को दस्तयाब किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 228.150 किलोग्राम डोडा पोस्त, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस, तस्करी में प्रयुक्त एक किआ कार तथा एस्कॉर्ट के लिए इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट कार जब्त की।
पीछा करने के दौरान की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान शंकरलाल और रोहित पुलिस वाहन को देखकर मौके से भागकर बबूल की झाड़ियों में छिप गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपी शंकरलाल ने एक कांस्टेबल पर फायरिंग कर दी। गोली कांस्टेबल के सिर के पास से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को घेरकर हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
एसपी बोले- तस्करों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जब्त मादक पदार्थ, हथियार और वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, समदड़ी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में अवैध बजरी परिवहन और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कई कार्रवाई की गई हैं।




















































