विवाहिता की मौत के बाद डग में बवाल, दहेज हत्या का आरोप

0
51
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

तीन दिन पहले कुएं में घायल मिली थी तारा कुंवर, इंदौर में इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने पति, सास-ससुर पर लगाए गंभीर आरोप

झालावाड़/डग: राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग थाना क्षेत्र में विवाहिता की मौत के बाद रविवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। तीन दिन पहले कुएं में घायल अवस्था में मिली तारा कुंवर की इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने करीब तीन घंटे तक जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

कुएं में घायल मिली थी विवाहिता

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को डग थाना क्षेत्र के तिसाई गांव में तारा कुंवर कुएं में घायल अवस्था में मिली थी। उसे पहले डग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप- दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित

मृतका मध्यप्रदेश के फतेहगढ़ की रहने वाली थी। मृतका के चाचा मदन सिंह ने पति जसवंत सिंह, सास और ससुर रणजीत सिंह पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाह के बाद से ही तारा को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाता था, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

थाने के बाहर प्रदर्शन, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

शव डग थाने पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन वहां एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर करीब तीन घंटे तक जाम लगाकर “बेटी को न्याय दो” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शनकारी पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बावजूद नहीं माने और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से सीधे बातचीत कराने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान शव एंबुलेंस में ही रखा रहा।

भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। भवानीमंडी पुलिस उपाधीक्षक सत्यनारायण गोधारा, डग थानाधिकारी भंवर सिंह गुर्जर, गंगधार थानाधिकारी किशोर सिंह, उन्हेल थानाधिकारी रामकरण और पगारिया थानाधिकारी बृजराज सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के अनुसार, विवाहिता की मौत के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here