लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली । दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मौलाहेड़ा पुलिया पर शुक्रवार को प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की। अचानक शुरू हुई इस अभ्यास कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।
मॉक ड्रिल के तहत परिकल्पना की गई कि यात्रियों से भरी एक बस एलपीजी गैस टैंकर से टकराकर पुल से नीचे गिर गई है तथा गैस टैंकर से रिसाव हो रहा है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, दमकल और चिकित्सा विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।
जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता और पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। वहीं कोटपूतली, पनियाला और सरूण्ड थाना पुलिस भी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद रही।
मॉक ड्रिल के दौरान दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने गैस टैंकर पर लगातार पानी का छिड़काव कर रिसाव की स्थिति को नियंत्रित करने का अभ्यास किया। वहीं एम्बुलेंस के माध्यम से बस में सवार ‘घायलों’ को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।
प्रशासन के अनुसार इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य गैस रिसाव एवं सड़क दुर्घटना जैसी आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना था।




















































