लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नगर विकास न्यास में सुधार की उठाई मांग
भीलवाड़ा, 3 जुलाई। प्रॉपर्टी ब्रोकर्स एसोसिएशन, भीलवाड़ा ने डीएलसी (डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटी) दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का विरोध करते हुए इसे आमजन विरोधी कदम बताया है। एसोसिएशन ने निकट भविष्य में डीएलसी दरों में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं करने तथा नगर विकास न्यास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।
शुक्रवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश सोनी, सचिव महावीर कच्छारा एवं कोषाध्यक्ष मुकेश बहेड़िया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
डेढ़ वर्ष में चार बार बढ़ीं डीएलसी दरें
ज्ञापन में कहा गया कि भीलवाड़ा में पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान चार बार डीएलसी दरों में वृद्धि की जा चुकी है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के बजट में राज्य सरकार ने 10 प्रतिशत डीएलसी दरें बढ़ाई थीं, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में तीन बार दरों में संशोधन किया गया।
एसोसिएशन का कहना है कि अब फिर से डीएलसी समिति की बैठक बुलाकर दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव लाए जाने की जानकारी मिल रही है। साथ ही भवन निर्माण की मानक दरें भी 1200 रुपये से बढ़ाकर 1800 रुपये प्रति वर्गफीट कर दी गई हैं।
आवास खरीदना हो रहा महंगा
एसोसिएशन के अनुसार डीएलसी दरों में लगातार वृद्धि से स्टांप शुल्क का बोझ बढ़ रहा है, जिससे आमजन के लिए घर खरीदना और अपना आशियाना बनाना कठिन होता जा रहा है। उनका कहना है कि इससे प्रॉपर्टी कारोबार में भी गिरावट आई है, जिसके कारण सरकार के राजस्व पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि आगामी डीएलसी बैठक में दरों में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की जाए।
नगर विकास न्यास में पूर्णकालिक सचिव नियुक्त करने की मांग
एसोसिएशन ने नगर विकास न्यास में लंबे समय से रिक्त पड़े सचिव पद पर पूर्णकालिक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि सचिव के अभाव में भूमि आवंटन, नामांतरण, लीज, भवन निर्माण स्वीकृति सहित कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़े हैं।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि समस्या समाधान शिविर आयोजित होने के बावजूद नामांतरण जैसे मामलों में अनावश्यक देरी की जा रही है, जिससे आवेदकों को बार-बार न्यास के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने न्यास में भ्रष्टाचार पर भी चिंता जताते हुए व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा, घनश्याम मनिहार, सह सचिव विकास जैन, संगठन मंत्री अशोक बंसल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।





















































