बहन को परीक्षा दिलाने जा रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत, छोटी बहन गंभीर घायल

0
15
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। पुलिस भर्ती में चयनित होकर वर्दी पहनने का सपना देख रही एक छात्रा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी छोटी बहन को बीए फाइनल ईयर की परीक्षा दिलाने के लिए भरतपुर लेकर जा रही थी। दुर्घटना में छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार भौंट गांव निवासी 21 वर्षीय पूजा शनिवार सुबह अपनी छोटी बहन रिमझिम के साथ बाइक से भरतपुर आ रही थी। रिमझिम की बीए फाइनल ईयर की परीक्षा थी, जिसके लिए दोनों समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए निकली थीं। इसी दौरान सेवर थाना क्षेत्र के सुखावली तिराहे के पास उनकी बाइक को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बहनें सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि रिमझिम को गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।

सेवर थाना के एएसआई विजय सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम करवाया गया है और पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार पूजा बीए-बीएड फाइनल ईयर की छात्रा थी और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। वह लगातार मेहनत कर अपने परिवार का नाम रोशन करने का सपना देख रही थी। परिवार में वह सबसे बड़ी बेटी थी और घर की जिम्मेदारियों को भी बखूबी समझती थी।

हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here