लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरमथुरा (धौलपुर) (मोहित गर्ग)। सरमथुरा कस्बे में बोहरे जी की हवेली के पास एक बुजुर्ग दंपति के घर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान में रखी करीब 10 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित रामभरोसी मित्तल ने बताया कि वह अलसुबह कुएं पर पानी भरने गए हुए थे। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात चोर घर में घुसा और नकदी चोरी कर ले गया। जब वे वापस लौटे तो घर में सामान बिखरा हुआ मिला और नकदी गायब थी, जिससे उन्हें घटना की जानकारी हुई।
पीड़ित ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और बुजुर्ग दंपति का जीवन यापन केवल सरकारी पेंशन पर निर्भर है। इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
रामभरोसी मित्तल ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी की गई नकदी बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






















































