स्मार्ट मीटरों के विरोध में कस्बेवासियों ने सौंपा ज्ञापन

0
83
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

बिजली बिलों में वृद्धि पर जताई नाराजगी

गंगधार (झालावाड़), सुनील निगम। गंगधार कस्बे के नागरिकों ने स्मार्ट बिजली मीटरों के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। नागरिकों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम उपभोक्ताओं को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में लगे सामान्य बिजली मीटरों से उपभोक्ताओं को नियमित और सामान्य बिल प्राप्त होते थे, लेकिन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल कई गुना बढ़कर आने लगे हैं। कस्बेवासियों का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा निजी कंपनी के माध्यम से लगाए गए इन मीटरों में वास्तविक खपत से अधिक यूनिट दर्ज हो रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो माह के दौरान निजी कंपनी के कर्मचारियों द्वारा पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए गए। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया से पूर्व उपभोक्ताओं को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। अधिकांश घरों में दोपहर के समय, जब केवल महिलाएं मौजूद थीं, मीटर बदल दिए गए। लोगों का कहना है कि उन्हें बताया गया था कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल कम आएगा, लेकिन इसके विपरीत बिलों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

कस्बेवासियों के अनुसार, मीटर बदलने के बाद जब पुराने मीटर पुनः लगाने की मांग की गई तो उसे अस्वीकार कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मीटर परिवर्तन के दौरान विद्युत विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कई घरों में सीमित बिजली उपयोग के बावजूद 2,500 से 3,500 रुपये तक के बिल आ रहे हैं, जबकि कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिल 25 हजार से 40 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। इससे क्षेत्र में व्यापक असंतोष व्याप्त है।

कस्बेवासियों ने प्रशासन से 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने तथा स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं एवं कस्बेवासी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here