सहकारिता मंत्री गौतम दक्ष की बर्खास्तगी की मांग,  सौंपा ज्ञापन

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। राजस्थान पुलिस सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान की जिला शाखा भरतपुर ने चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाने में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर सहकारिता मंत्री गौतम दक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। संस्था के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के नाम ज्ञापन सौंपा।

संस्थान के संभाग अध्यक्ष हरी सिंह ने बताया कि मंत्री गौतम दक्ष द्वारा कथित रूप से डूंगला थाने में थाना अधिकारी और पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। संस्था ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि पुलिस बल के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि इससे पुलिसकर्मियों के मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि संस्था ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा मंत्री के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से बर्खास्त किया जाए।

संस्थान के जिला सचिव गिरधारी लाल गुप्ता ने बताया कि 25 मई 2026 को चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाना में मंत्री गौतम दक्ष द्वारा थानाधिकारी शैतान सिंह, कांस्टेबल विष्णु तथा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि डूंगला थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 76/26 की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों के सम्मान और मनोबल की रक्षा के लिए संगठन सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा तथा किसी भी प्रकार के अन्याय या दुर्व्यवहार का विरोध करता रहेगा।

इस अवसर पर संस्थान के कई पदाधिकारी, सदस्य एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here