भरतपुर में RPSC प्राध्यापक भर्ती परीक्षा , 58.35 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित प्राध्यापक भर्ती परीक्षा रविवार को भरतपुर जिले में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में शुरू हुई। जिले में बनाए गए 60 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच के बीच परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा में 58.35 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही प्रवेश दिया गया। कई परीक्षा केंद्रों पर सुबह से अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थी अपने-अपने कक्षों में पहुंचे और परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हुई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर घनश्याम शर्मा ने बताया कि भरतपुर मुख्यालय पर परीक्षा के लिए कुल 60 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 10 उड़नदस्तों (फ्लाइंग स्क्वॉड) की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 18,221 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,632 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार कुल 58.35 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि 41.65 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

एडीएम शर्मा ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अब तक किसी भी केंद्र से गड़बड़ी या अव्यवस्था की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है और परीक्षा शांतिपूर्ण तथा सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here