लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनोज कुमार योगी
नैनवां (बूंदी)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान के प्रदेशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को नैनवां उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर शिक्षकों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व नैनवां अध्यक्ष पंकज जैन और मंत्री देवराज गुर्जर ने किया।
ज्ञापन में शिक्षकों ने मांग की कि ग्रीष्मावकाश सहित सभी अवकाश यथावत रखे जाएं तथा सत्र 2026-27 के लिए जारी शिविरा कैलेंडर में आवश्यक संशोधन किया जाए। साथ ही पिछले आठ वर्षों से बंद तृतीय वेतन श्रृंखला सहित विभिन्न संवर्गों के स्थानांतरण शीघ्र किए जाने की मांग उठाई गई।
शिक्षकों ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों की लंबित पदोन्नतियां करने, क्रमोन्नत विद्यालयों में वित्तीय स्वीकृति जारी कर स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार पद सृजित करने तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की भी मांग की। इसके अलावा आरजीएचएस योजना को सुचारू रूप से जारी रखने, वेतन विसंगतियां दूर करने, संविदा शिक्षकों को नियमित करने तथा मॉडल स्कूलों के लिए समय पर बजट उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
प्रदर्शन के दौरान जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुगन मीणा, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम मीणा, महिला मंत्री निर्मला जायसवाल, मीडिया प्रभारी शान मीणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश मीणा, कोषाध्यक्ष धोलूलाल मीणा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






















































