लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नारी शक्ति वंदन महिला सम्मेलन
संसद एवं विधानसभा में महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण
प्रधानमंत्री का महिलाओं की लोकतंत्र में भागीदारी के लिए निर्णायक कदम
महिला सुरक्षा एवं सम्मान के लिए सजग है हमारी सरकार
जयपुर। जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि जब सरदार वल्लभभाई पटेल अहमदाबाद नगर पालिका के अध्यक्ष थे, तब उन्होंने महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करने की पहल की थी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मूल भाव भी यही है। इस अधिनियम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे शिक्षा, सुरक्षा और नीति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों में महिलाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी।
जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में बुधवार को आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन की संयोजक सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महिलाएं और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने सभी महिलाओं से इस अधिनियम के समर्थन में 9667173333 नंबर पर मिस्ड कॉल करने का आह्वान भी किया।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि समाज और देश तभी प्रगति करेगा जब महिलाएं हर क्षेत्र में भागीदारी निभाएंगी। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। आज महिलाएं देश-प्रदेश के विकास में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की महिला कल्याण योजनाओं का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को बनाया राष्ट्रीय प्रगति का आधार – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। जन धन योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है। इससे नारी शक्ति देश की प्रगति का आधार बनी है।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से बालिका लिंगानुपात में सुधार हुआ है तथा स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और गरिमा में वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं के नाम पर मकान आवंटित किए जा रहे हैं तथा उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में 20 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है तथा 16 लाख से अधिक ‘लखपति दीदी’ बनाई गई हैं। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत अब तक 6 लाख 50 हजार से अधिक बालिकाओं को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि बढ़ाकर 6,500 रुपये कर दी गई है।
सामाजिक क्रांति बनेगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम – दिया कुमारी
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रत्येक योजना में नारी शक्ति केंद्र में है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक ऐतिहासिक निर्णय है, जिससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। यह अधिनियम देश में एक बड़ी सामाजिक क्रांति का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि इससे नीतियों में महिलाओं के दृष्टिकोण को प्राथमिकता मिलेगी और वे हर निर्णय प्रक्रिया में शामिल होंगी।
सिग्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार, सांसद मंजू शर्मा, महिला एवं बाल विकास शासन सचिव पूनम सहित बड़ी संख्या में महिलाओं और छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में सिग्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर किए।


















































