लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। जैन धर्म के बीसवें तीर्थंकर देवाधिदेव श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान के पावन जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव का आयोजन श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सूंथड़ा में 12 अप्रैल 2026, रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा।
प्रबंध समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा एवं सन्तु जैन ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। पूरे तीर्थ क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे मंगलाष्टक के साथ होगा। इसके बाद 108 स्वर्ण कलशों से 1008 ऋद्धि मंत्रों के उच्चारण सहित भगवान मुनिसुव्रतनाथ का भव्य महामस्तकाभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न की जाएगी। इस दौरान देशभर से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे और मंदिर परिसर मंत्रोच्चार से गूंज उठेगा।
अभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था भी की गई है। आयोजन के दौरान दर्शन, पूजन, बैठने और सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
सायं 7 बजे भगवान की भव्य आरती के बाद भक्तामर दीपार्चना का आयोजन होगा, जिसमें दीपों की ज्योति से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से आलोकित होगा।
समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।




















































