रामनवमी मेला एवं संत राजाराम जी महाराज का जन्मोत्सव

0
25
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

प्रभु श्रीराम सनातन के गौरव, सत्य के संवाहक और धर्म के रक्षक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में तीर्थस्थलों का हो रहा विकास
– मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा

 

जोधपुर/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम भारत की आत्मा और सनातन के गौरव हैं। वे मर्यादा के प्रतीक, सत्य के संवाहक, धर्म के रक्षक और सेवा के सर्वोच्च आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि चरित्र, कर्तव्य और करुणा का स्थान पद एवं प्रतिष्ठा से सदैव ऊंचा होता है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को जोधपुर के शिकारपुरा (लूणी) स्थित श्री राजाराम आंजणा आश्रम में आयोजित रामनवमी मेले तथा सिद्ध संत राजाराम जी महाराज के 144वें जन्मोत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व और संत राजाराम जी महाराज का जन्मोत्सव एक ही दिन होना आध्यात्मिक परंपरा का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि संत राजाराम जी महाराज ने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया और वे एक महान समाज सुधारक थे।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सनातन संस्कृति का पुनर्जागरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का कार्य हो रहा है। अयोध्या में प्रभु रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण, वाराणसी और महाकाल महालोक कॉरिडोर सहित प्रमुख तीर्थस्थलों के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

बेटियों की शिक्षा और गौ संरक्षण प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह उन्मूलन और बालिका शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। प्रदेश में गौ संरक्षण के लिए भी प्राथमिकता के साथ कार्य करते हुए गौशालाओं को 3,400 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है तथा 1.37 लाख से अधिक निराश्रित गौवंश को आश्रय प्रदान किया गया है।

तीर्थ यात्रा और धार्मिक विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 86 हजार से अधिक बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है। साथ ही राजकीय मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों के लिए 25 करोड़ 38 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है।

युवाओं को रोजगार और विकास पर जोर
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से जल उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मदन राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने शिकारपुरा धाम के गादीपति संत दयाराम जी महाराज का आशीर्वाद लिया, मेले का अवलोकन किया तथा मंदिर एवं समाधि स्थल के दर्शन किए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here