लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/नई दिल्ली (प्रदीप कुमार डागा) – राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मंगलवार को लोकसभा में रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान राजस्थान में रेलवे कनेक्टिविटी और सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि भारतीय रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि देश की आर्थिक और सामाजिक जीवनरेखा है, जिसके जरिए रोज़ाना करोड़ों यात्री और लाखों टन माल अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। उन्होंने लंबित भर्तियों की जानकारी मांगते हुए रिक्त पदों को आरक्षित वर्गों का ध्यान रखते हुए भरने, बुजुर्गों और महिलाओं को रेल टिकट में रियायत देने और कुलियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
रेल सुरक्षा और दुर्घटनाओं को रोकने की मांग
बेनीवाल ने गंभीर रेल हादसों का हवाला देते हुए कहा कि 2014-15 से 2024-25 तक 709 रेल दुर्घटनाओं में 766 लोगों की मौत और 2100 से अधिक लोग घायल हुए। उन्होंने ओड़िशा के बालासोर रेल हादसे और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटनाओं का भी जिक्र किया। सांसद ने रेलवे सुरक्षा को प्राथमिकता देने और आरपीएफ की नफरी बढ़ाकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कोच अटेंडेंट द्वारा जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस में एक जवान की हत्या का मामला उठाते हुए रेलवे सुरक्षा पर सवाल खड़े किए। साथ ही ट्रेनों में चोरी और अन्य असुरक्षा की घटनाओं को रोकने के लिए एक्शन प्लान तैयार करने की बात कही।
समयबद्ध रेलवे परियोजनाओं की मांग
हनुमान बेनीवाल ने परबतसर–किशनगढ़ रेलवे लाइन और नागौर–फलोदी रेलवे लाइन की प्रगति की जानकारी मांगी। उन्होंने राजस्थान में मेड़ता–पुष्कर और रास–मेड़ता रेलवे लाइन में कम मुआवजे की शिकायत भी सदन में रखी।
राजस्थान की उपेक्षा पर सवाल
सांसद ने कहा कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों—बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर—में रेल कनेक्टिविटी सीमित है, जबकि रेल मंत्री और राज्य मंत्री दोनों राजस्थान से ही राज्यसभा में निर्वाचित हैं। उन्होंने राज्य की भौगोलिक स्थिति और सीमावर्ती महत्व को देखते हुए रेलवे नेटवर्क मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशेष मांगें
-
नागौर में प्रतिवर्ष होने वाले विश्व विख्यात पशु मेले के लिए विशेष ट्रेन शुरू करने की मांग।
-
राजस्थान संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का नियमित संचालन और इसे लोक देवता वीर तेजाजी के नाम से करने की मांग।
-
नागौर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों को अमृत भारत योजना में शामिल करने।
-
कुचामन सिटी रेलवे स्टेशन पर FOB, एस्केलेटर और लिफ्ट स्वीकृत करने की मांग।
-
वंदे भारत ट्रेन का विस्तार मेड़ता–नागौर–बीकानेर और जयपुर तक।
-
नई लोकल/DEMU ट्रेन के संचालन के लिए अतिरिक्त कोच आवंटन।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने राज्य की रेलवे परियोजनाओं को समयबद्ध और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की जोरदार मांग संसद में उठाई।



















































