लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। गर्मी के आगमन के साथ ही भरतपुर के मडरपुर गांव में पीने के पानी की गंभीर समस्या उजागर हो गई है। गांव के महिला-पुरुषों ने पानी की परेशानी को लेकर जलदाय विभाग भरतपुर कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में पानी भरकर विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से त्वरित समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि गांव में पीने के पानी के लिए सरकारी पाइपलाइन नहीं डाली गई है और लगी सरकारी मोटर बार-बार खराब हो जाती है, जिससे पानी की सप्लाई नियमित नहीं हो पाती। मजबूरी में लोग टैंकरों से पानी मंगवाकर जीवन यापन कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में स्थापित सरकारी आरओ सिस्टम कई महीनों से खराब पड़ा है, लेकिन विभाग की ओर से उसे अभी तक ठीक नहीं कराया गया। इसके कारण पीने के साफ पानी की उपलब्धता पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं किया गया और पाइपलाइन डालकर नियमित पानी की व्यवस्था नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन को बाध्य होंगे।



















































