लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वायु सेना के शौर्य एवं कौशल को सराहा
कहा – आर्मी डे परेड के बाद यह कार्यक्रम जयपुर के लिए गर्व की बात
ऐसे आयोजन युवाओं को सेना में जाने के लिए करते हैं प्रेरित
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की गरिमामयी उपस्थिति में जयपुर स्थित जल महल की पाल पर भारतीय वायु सेना के सूर्यकिरण एरोबैटिक एवं सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले कार्यक्रम में शिरकत की।
मुख्यमंत्री ने भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और तकनीकी कौशल की सराहना करते हुए कहा कि जयपुर की धरती पर इस तरह का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आर्मी डे परेड के भव्य आयोजन के बाद वायु सेना की ओर से प्रस्तुत यह अद्भुत कार्यक्रम सिद्ध करता है कि जयपुर राष्ट्रीय आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारी सेना का गौरव निरंतर बढ़ रहा है। बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर वायु सेना के अद्भुत पराक्रम तथा भारत की सुरक्षा सुदृढ़ हाथों में होने का परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि वायु सेना सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं और महामारी के समय भी लोगों के लिए आशा की किरण बनती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने अद्वितीय हवाई कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करती हैं। सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के तीन पायलट—विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वॉड्रन लीडर संजेश सिंह—जयपुर के ही हैं, जिन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और असाधारण दक्षता से यह मुकाम हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन नागरिकों और सेना के बीच अटूट संबंध का उत्सव है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं के मन में सेना में शामिल होने का संकल्प उत्पन्न करते हैं और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री ने जनसमूह के बीच जाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
आसमान में गूंजा “खम्मा घणी” और “राम-राम सा”
सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने सारंग स्प्लिट, एरोहेड, डॉल्फिन लीप, लेवल क्रॉस, हाई स्पीड क्रॉस, क्रॉस ओवर ब्रेक, डायमंड एवं इन्वर्टेड वाइन ग्लास जैसी आकर्षक आकृतियां प्रस्तुत कीं। वहीं सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने इन्वर्टेड रन, बैरल रोल, बॉम्ब बर्स्ट और डीएनए संरचना जैसी अद्भुत आकृतियों के साथ आसमान में दिल बनाकर जयपुरवासियों का अभिनंदन किया। कॉकपिट से “खम्मा घणी” और “राम-राम सा” का उद्घोष दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल तेजिंदर सिंह, सप्तशक्ति कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


















































