लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समुदाय अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रबुद्धजन महासम्मेलन आयोजित
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अभिन्न अंग है। धरती से जुड़ा यह समाज त्याग और बलिदान की प्रतिमूर्ति रहा है तथा राज्य सरकार इसके सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है।
मुख्यमंत्री रविवार को अंबाबाड़ी स्थित आदर्श विद्या मन्दिर के सभागार में आयोजित महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने घुमन्तु परिवारों को आवासीय पट्टे वितरित किए हैं और बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रावास की व्यवस्था की है।
‘राज पहल’ से शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने बजट वर्ष 2026-27 में घुमन्तु समुदाय के बच्चों की शिक्षा हेतु ‘राज पहल’ कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की। इसके अंतर्गत प्रत्येक जिले में प्रथम चरण में एक ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ स्थापित किया जाएगा। साथ ही, प्रवास-प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी शिक्षा शिविर और 6 माह के स्कूल रेडिनेस कैम्प भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी और पलायन के कारण विद्यालय से वंचित रहने वाले बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करेगी।
संस्कृति और कौशल की धरोहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि घुमन्तु समुदाय का भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस समाज ने विदेशी आक्रांताओं से संघर्ष कर संस्कृति की रक्षा की। बंजारा समुदाय का व्यापारिक कौशल और यात्रा परंपरा भारतीय व्यापार मार्गों की रीढ़ रही है, जबकि लोहा-शिल्प कला विश्वभर में प्रसिद्ध है।
उन्होंने समाज के युवाओं से आह्वान किया कि वे विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही, समुदाय के कल्याण से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पदयात्रियों से की आत्मीय भेंट
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने अंबाबाड़ी क्षेत्र में खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहे पदयात्रियों से मुलाकात कर भंडारे में प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह, घुमन्तु कार्य प्रमुख राजस्थान क्षेत्र महेंद्र सिंह, जनाधिकार समिति सदस्य राकेश बीदावत सहित समुदाय के प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।


















































