लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: निर्मल गुप्ता, उनियारा
उनियारा। Election Commission of India के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 01.01.2026 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) 2026 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र देवली–उनियारा (097) की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया गया।
इस अवसर पर प्रातः 11 बजे कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, देवली–उनियारा में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) पूजा मीणा ने बताया कि अंतिम प्रकाशित फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली की सार्वजनिक सूचना फॉर्म-16 में कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली की एक फोटोयुक्त हार्ड कॉपी तथा एक फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी निःशुल्क प्रदान की गई। यह सूची जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की वेबसाइट तथा मतदाता पोर्टल पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है, जहां मतदाता स्वयं अपना नाम खोज सकते हैं।
एसडीएम ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी नामावली का निरंतर अद्यतन जारी रहेगा। 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर की अर्हता तिथियों के संदर्भ में नया नाम जुड़वाने, विलोपन या संशोधन हेतु मतदाता फॉर्म-6 (घोषणा पत्र सहित) एवं फॉर्म-8 के माध्यम से ECINet App या मतदाता पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
अंतिम प्रकाशन के अनुसार देवली–उनियारा (097) विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,94,090 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,53,632 पुरुष, 1,40,457 महिला तथा 01 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यवाही समाप्त की गई।

















































