लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला, झालावाड़ सुनील निगम की रिपोर्ट
मप्र के .सीतामऊ थाना क्षेत्र के झांगिरिया व उदयपुर के निवासी; बैग में मिले आधार कार्ड से हुई पहचान
झालावाड़। जिले के गंगधार थाना क्षेत्र के डग गंगधार मार्ग पर करनपुरा कस्बे के समीप शुक्रवार देर शाम बोलेरो और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गंगधार पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बोलेरो ने मारी बाइक को टक्कर
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक पर सवार चार युवक गंगधार की ओर आ रहे थे, जबकि बोलेरो गंगधार से डग की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतकों के बैग से तीन आधार कार्ड मिले, जिनसे उनकी पहचान राजपाल पुत्र परवतसिंह निवासी झांगिरिया, थाना सीतामऊ (मप्र), नरेश पुत्र कालूलाल निवासी उदयपुर (मप्र) तथा जवाहरलाल पुत्र रामचंद्र निवासी झांगिरिया (मप्र) के रूप में हुई। एक युवक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने से उसकी शिनाख्त परिजनों के आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने संबंधित थानों को सूचना दे दी है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया परिजनों के आने के बाद शवो के पोस्टमार्डम करवाकर शव परिजनों को सोपा जायेगा










































