लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीगंगानगर जिले के उपखंड श्रीकरणपुर स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में रविवार दोपहर सर्व हिंदू समाज के बैनर तले हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन गोगामेड़ी के पुजारी मंगतराम के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह नरेंद्र यादव रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष विनय तनेजा ने की।
मुख्य वक्ता नरेंद्र यादव ने अपने संबोधन में देश में हिंदू समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सर्व हिंदू समाज को एकजुट होकर पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव का सामना करना होगा, तभी सनातन संस्कृति की रक्षा संभव है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आईदान सिंह, खंड कार्यवाह एडवोकेट अशोक जोशी, स्वर्ग आश्रम गौशाला सेवा समिति के डॉ. हजारीलाल मुटनेजा, खेमचंद गोयल सहित भाजपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं और सर्व हिंदू समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

















































