लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
फिट इंडिया मूवमेंट को साकार करने में युवा बनें सक्रिय भागीदार – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रातः जल्दी उठकर दौड़ने और नियमित व्यायाम करने से शरीर स्वस्थ रहता है और पूरे दिन सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को ज़मीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए स्वस्थ जीवनशैली एक सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दें।
मुख्यमंत्री शर्मा रविवार को जयपुर में आयोजित एयू जयपुर मैराथन के अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा देश के उज्ज्वल भविष्य का महत्वपूर्ण स्तम्भ हैं और देश-प्रदेश के युवा हर क्षेत्र में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानन्द के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हीं विचारों को आगे बढ़ाते हुए भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में युवाओं के लिए खेल, रोजगार, कौशल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अवसर उपलब्ध कराए हैं। इन प्रयासों से युवा न केवल रोजगार प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि रोजगार प्रदाता भी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के हर सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने रामनिवास बाग से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मेहंदीपुर बालाजी के महन्त नरेशपुरी महाराज, पंडित सुरेश मिश्रा, अभिनेता मिलिंद सोमन, आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।















































